जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में किसानों से निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायत पर कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पत्थलगांव विकासखंड में स्थित अन्नपूर्णा खाद भंडार का विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर दुकान को सात दिनों के लिए सील कर दिया गया।

तय कीमत से ज्यादा वसूली की शिकायत

Join Our Whatsapp Group
कृषि विभाग की पत्थलगांव टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अन्नपूर्णा खाद भंडार में किसानों से शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचा जा रहा है। शिकायत के आधार पर विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुकान का निरीक्षण किया और उर्वरक बिक्री से संबंधित दस्तावेजों व व्यवस्था की जांच की।

उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन

जांच के दौरान विभाग ने दुकान संचालक को उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए पाया। इसके बाद कृषि विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए खाद भंडार को सात दिनों के लिए सील कर दिया।

अधिक कीमत वसूलने वालों पर होगी कार्रवाई

कृषि विभाग ने जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित दर पर ही किसानों को खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसानों से अधिक कीमत वसूलने, खाद की कालाबाजारी या नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग की इस कार्रवाई से किसानों को निर्धारित कीमत पर यूरिया उपलब्ध कराने और उर्वरक बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने का संदेश गया है।
Published By- | 09-Aug-2026 11:42:00 am