छात्रों की मांगों के समर्थन में डुमरी विधायक और JLKM नेता जयराम महतो ने विधानसभा परिसर के बाहर एकदिवसीय निर्जला अनशन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि अनशन के दौरान वह पानी भी ग्रहण नहीं करेंगे।
छात्रों के समर्थन में आगे आए जयराम महतो
जयराम महतो ने विभिन्न वर्गों के लोगों से छात्र आंदोलन का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और अभ्यर्थी निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही मजदूर, किसान, व्यापारी और वकील समेत विभिन्न वर्गों से छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील की।
देवेंद्र नाथ महतो भी अनशन पर
JLKM के नेता देवेंद्र नाथ महतो भी छात्रों की मांगों को लेकर कई दिनों से अनशन कर रहे हैं। आंदोलनकारी संगठनों की ओर से सरकार पर मांगों को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
सरकार और छात्रों के बीच वार्ता बेनतीजा
शनिवार को सरकार की ओर से गठित पांच सदस्यीय मंत्री स्तरीय समिति और आंदोलनकारी छात्र संगठनों के बीच बातचीत हुई। हालांकि, बैठक में दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी और वार्ता बिना किसी ठोस समाधान के समाप्त हो गई।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
वार्ता विफल होने के बाद छात्र संगठनों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
छात्र आंदोलन और नेताओं के अनशन के बीच JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा झारखंड में लगातार चर्चा में बना हुआ है। अब सरकार की अगली पहल और आंदोलनकारी संगठनों के साथ होने वाली बातचीत पर सभी की नजर है।