अनंतपुर। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक निजी वॉल्वो बस की आयशर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों पोगुरु पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में करीब 40 यात्री घायल हुए हैं, जबकि इनमें से करीब 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

टक्कर के बाद पुल से नीचे गिरे दोनों वाहन

Join Our Whatsapp Group
जानकारी के मुताबिक निजी वॉल्वो बस और आयशर ट्रक की पोगुरु पुल पर जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। इसी दौरान ट्रक भी पुल से नीचे गिर गया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

40 यात्री घायल, 10 की हालत गंभीर

हादसे में करीब 40 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पमीडी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल करीब 10 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अनंतपुर सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है।

बस चालक वाहन में फंसा

हादसे में बस चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ और क्षतिग्रस्त बस के अंदर फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल ने जेसीबी की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके पैर में गंभीर चोट लगने की जानकारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की गलती, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ।
Published By- | 09-Aug-2026 01:07:00 pm