कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों और फाइलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। योजनाओं का फायदा पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना जरूरी है।
कृषि विभाग को किसानों तक उन्नत बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र और बागवानी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं सिंचाई विभाग को अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने और जल संकट वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
बिजली और पशुपालन विभाग के कामकाज की समीक्षा
बैठक में ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों और सौर ऊर्जा उपकरणों के रखरखाव से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को बिजली संबंधी शिकायतों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन विभाग को नियमित पशु चिकित्सा शिविर आयोजित करने, टीकाकरण अभियान को मजबूत करने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम करने को कहा गया।
स्वच्छता और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर फोकस
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही 15वें वित्त आयोग से होने वाले निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की भी समीक्षा की गई।
बजट और विभागीय खर्च का ब्यौरा पेश
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट और विभिन्न विभागों के व्यय का ब्यौरा भी जनप्रतिनिधियों के सामने रखा गया। अधिकारियों से योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और खर्च में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा गया।
बैठक के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को योजनाओं की लगातार निगरानी करने और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में योजनाओं के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।