रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 12 से 15 अगस्त तक भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यात्रा की शुरुआत 12 अगस्त को सुबह 9 बजे नारायणपुर से होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन इलाकों से होकर गुजरेगी, जहां पहले नक्सलवाद के कारण पहुंचना मुश्किल था।

विजय शर्मा ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बस्तर के कई इलाकों में तिरंगा फहराया गया है। अब नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलता के बाद पूरे बस्तर में तिरंगा शान से लहराने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पूरी यात्रा के दौरान मौजूद रहेंगे और प्रशासन तथा समाज के लोग भी इसमें शामिल होंगे।

Join Our Whatsapp Group
नक्सल प्रभावित इलाकों में जाएगी तिरंगा यात्रा

डिप्टी सीएम ने बताया कि तिरंगा यात्रा चिंगवरम, ट्रेरबोर और ताड़मेटला जैसे इलाकों से भी गुजरेगी। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर नक्सली हिंसा में जवानों की जान गई थी और कई घटनाओं ने देश को झकझोर दिया था। यात्रा के दौरान शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

विजय शर्मा ने कहा कि वह झीरम भी जाएंगे और वहां शहीद हुए लोगों को नमन करेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य यह संदेश देना है कि बस्तर में अब हालात बदल चुके हैं और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में है।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी साधा निशाना

डिप्टी सीएम ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने प्रदर्शन और सदन में चर्चा को लेकर कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी मांग रखने का अधिकार है और सरकार उनकी बात को संवेदनशीलता से सुनती है।

उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही जा रही है, तो उसे साबित किया जाना चाहिए। शर्मा ने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से युवाओं के बीच भ्रम और अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।

विजय शर्मा ने कहा कि सदन में जब इस मुद्दे पर चर्चा होगी तो सरकार जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि चर्चा के दौरान सदन से अनुपस्थित न रहे और अपने सवालों के जवाब सदन में सुने।
Published By- | 11-Aug-2026 06:27:00 pm