समारोह के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों की 17 टुकड़ियों ने शानदार परेड कर मुख्यमंत्री को सलामी दी। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। पूरे परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
टाउन हॉल में लगेगी विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर के टाउन हॉल में ‘आजादी का गौरव, विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प’ थीम पर विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 15 अगस्त को सुबह 11:15 बजे करेंगे।
यह प्रदर्शनी 15 अगस्त से 21 अगस्त तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष, योगदान और बलिदान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम से विकास यात्रा तक दिखेगी तस्वीर
प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रम और प्रमुख विभूतियों की स्मृतियों को संजोया गया है। इसके साथ ही प्रदेश की सामाजिक, आर्थिक और अधोसंरचनात्मक विकास यात्रा की झलक भी देखने को मिलेगी।
आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस प्रदर्शनी के जरिए लोगों को देश की आजादी के संघर्ष को करीब से समझने के साथ-साथ बदलते और विकसित छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।