अलीराजपुर: मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम से कथित फर्जी ट्रांसफर लेटर तैयार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में सीहोर निवासी मुकेश भोंसले (33) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक आयुष चिकित्सा अधिकारी के तबादले के लिए मुख्यमंत्री के नाम और फर्जी लेटरपैड का इस्तेमाल कर पत्र तैयार किया था।

व्हाट्सऐप पर भेजा गया था फर्जी पत्र

Join Our Whatsapp Group
पुलिस के मुताबिक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश अतुलकर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 21 जुलाई को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सऐप के जरिए एक पत्र भेजा।

यह पत्र मुख्यमंत्री के नाम से तैयार किया गया था और इसमें कथित तौर पर मुख्यमंत्री की तस्वीर तथा फर्जी लेटरपैड का इस्तेमाल किया गया था।

आयुष अधिकारी के ट्रांसफर का था जिक्र

फर्जी पत्र में आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला निगवाल का उदयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सोंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तबादला करने का उल्लेख था।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने सीहोर निवासी मुकेश भोंसले को गिरफ्तार किया। उसके पास से मोबाइल फोन और टैबलेट भी जब्त किए गए हैं।

15 हजार रुपये के भुगतान की भी जांच

पुलिस जांच में सामने आया है कि आयुष चिकित्सा अधिकारी के वाहन चालक नवल सिंह ने आरोपी मुकेश भोंसले को यूपीआई के जरिए 15 हजार रुपये का भुगतान किया था।

पुलिस अब इस भुगतान और पूरे मामले में आयुष चिकित्सा अधिकारी तथा उनके वाहन चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पत्र तैयार करने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
Published By- | 24-Aug-2026 02:29:00 pm