4,688 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंचा सोना
कॉमेक्स गोल्ड सोमवार को करीब 0.14 प्रतिशत बढ़कर 4,688.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले इसका बंद भाव 4,673.40 डॉलर था। वहीं, कॉमेक्स सिल्वर में मामूली गिरावट दर्ज की गई और यह 69.420 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
पिछले सप्ताह भी सोने की कीमतों में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई थी। इसके साथ ही बुलियन लगातार तीसरे सप्ताह बढ़त में रहा।
डॉलर कमजोर हुआ तो सोने को मिला सपोर्ट
सोने की मौजूदा तेजी के पीछे अमेरिकी बॉन्ड बाजार की हलचल और डॉलर की कमजोरी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। अमेरिकी ट्रेजरी की ओर से लंबी अवधि के सरकारी कर्ज की बायबैक बढ़ाने की योजना से बॉन्ड यील्ड पर असर पड़ा और डॉलर कमजोर हुआ।
आमतौर पर डॉलर कमजोर होने पर डॉलर में कीमत वाले कमोडिटी विदेशी निवेशकों के लिए अपेक्षाकृत आकर्षक हो सकते हैं। इसका फायदा सोने को भी मिलता है।
अमेरिकी कर्ज को लेकर बढ़ी चिंता
अमेरिकी कर्ज और सरकार की बढ़ती उधारी को लेकर निवेशकों की चिंताएं भी सोने की मांग को बढ़ा रही हैं। बाजार में यह आशंका बनी हुई है कि अमेरिकी आर्थिक नीतियों के कारण भविष्य में डॉलर पर दबाव बढ़ सकता है।
यही वजह है कि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में सोने जैसे वैकल्पिक और सुरक्षित निवेश विकल्पों को लेकर दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
क्या अभी सोने में निवेश करना चाहिए?
सोने की कीमतों में तेजी के बीच निवेशकों के लिए सावधानी जरूरी है। कुछ बड़े निवेशकों ने पोर्टफोलियो में सोने की हिस्सेदारी बढ़ाने की सलाह दी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर निवेशक को अपनी रकम का निश्चित हिस्सा सोने में लगाना चाहिए।
निवेश का फैसला हमेशा अपनी जोखिम क्षमता, समयावधि और वित्तीय लक्ष्य को ध्यान में रखकर करना चाहिए।
क्रूड ऑयल की कीमतों में भी नरमी
इस बीच ब्रेंट क्रूड 93 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और कमजोर डॉलर समेत कई वैश्विक कारक फिलहाल सोने के लिए सकारात्मक माहौल बना रहे हैं।
आने वाले दिनों में अमेरिकी डॉलर, बॉन्ड यील्ड और आर्थिक नीतियों की दिशा सोने की कीमतों के लिए अहम रहने वाली है।