VIP चौक से एयरपोर्ट रोड तक एलिवेटेड रोड बढ़ाने की मांग
बृजमोहन अग्रवाल ने NHAI द्वारा प्रस्तावित तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड को VIP चौक से एयरपोर्ट रोड की दिशा में 300 से 500 मीटर तक आगे बढ़ाने की मांग रखी। उनका कहना है कि इससे VIP चौक पर बनने वाले टी-जंक्शन पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और स्वामी विवेकानंद विमानतल तक आवाजाही आसान होगी। साथ ही NH-53 पर यातायात का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
बलौदाबाजार-भाटापारा को NH नेटवर्क से जोड़ने की मांग
सांसद ने बलौदाबाजार-भाटापारा के औद्योगिक क्षेत्र को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ने की मांग भी की। उन्होंने रायपुर-बिलासपुर NH-130 और रायपुर NH-130B को जोड़ने वाली नई सड़क के निर्माण की स्वीकृति का आग्रह किया। क्षेत्र में बड़े सीमेंट संयंत्रों और अन्य उद्योगों को देखते हुए इस कनेक्टिविटी को औद्योगिक एवं माल परिवहन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक फोरलेन की मांग
रायपुर-सारंगढ़ NH-130B के उन्नयन को लेकर सांसद ने बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक के हिस्से को भी परियोजना में शामिल करने की मांग की। उन्होंने इस खंड के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराने और जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में यातायात और व्यावसायिक गतिविधियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
रायपुर-दुर्ग-भिलाई मार्ग पर ट्रैफिक कम करने की योजना
बैठक में रायपुर-दुर्ग-भिलाई मार्ग पर बढ़ते औद्योगिक और व्यावसायिक यातायात का मुद्दा भी उठाया गया। बृजमोहन अग्रवाल ने प्रमुख जंक्शनों पर ग्रेड सेपरेटर, फ्लाईओवर और सर्विस रोड बनाने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा रायपुर-सिमगा-बिलासपुर मार्ग को बेहतर औद्योगिक और लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी देने पर भी चर्चा हुई।
6-लेन एक्सप्रेसवे विस्तार पर भी चर्चा
सांसद ने प्रस्तावित नागपुर-गोंदिया समृद्धि एक्सप्रेसवे को गोंदिया के बिरसी एयरपोर्ट से डोंगरगढ़, खैरागढ़, कवर्धा और मुंगेली होते हुए बिलासपुर एवं रायपुर तक 6-लेन कनेक्टिविटी के रूप में विस्तारित करने का सुझाव दिया।
रायपुर के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए डेडिकेटेड रोड की मांग
बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के उरला और सिलतरा समेत प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को राष्ट्रीय राजमार्गों से सीधे जोड़ने के लिए डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल एक्सेस रोड, इंटरचेंज और फीडर रोड विकसित करने की मांग रखी। साथ ही रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर से इन औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के विकसित होने से भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा, परिवहन समय और लॉजिस्टिक लागत घटेगी तथा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।



