CCTV में कोई इंसान नहीं, बल्कि एक कुत्ता बैग को मुंह में दबाकर ले जाता दिखाई दिया। बाद में पुलिस ने बैग को अस्पताल परिसर से बरामद कर लिया। राहत की बात यह रही कि बैग में रखे गहने और नकदी सुरक्षित मिले।
सर्जिकल वार्ड से गायब हुआ था बैग
जानकारी के अनुसार, कयामपुर निवासी लताबाई वाल्मीकि अपने बेटे के इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल पहुंची थीं। बेटे के हाथ में चोट लगी थी और उसका इलाज चल रहा था। लताबाई अपने साथ एक बैग लेकर आई थीं, जिसमें सोने-चांदी के गहने और कुछ नकदी रखी हुई थी।
बताया गया कि रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे के बीच बैग अचानक गायब हो गया। इसके बाद लताबाई ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बैग में चांदी की करधनी, पायल, घुंघरू, बिछिया, सोने का मंगलसूत्र, अंगूठियां, सोने के मोती, झुमके और नथ सहित करीब 2 हजार रुपये नकद रखे होने की बात कही गई। गहनों और नकदी की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई।
CCTV खंगालने पर सामने आया सच
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। हेड कांस्टेबल अजय सोलंकी को बैग की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली।
फुटेज देखने पर पता चला कि बैग को कोई शातिर चोर नहीं, बल्कि एक कुत्ता मुंह में दबाकर ले गया था। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर में तलाश शुरू की और बैग को बरामद कर लिया।
बैग और उसमें रखे गहने व नकदी सुरक्षित मिलने के बाद महिला और उसके परिवार ने राहत की सांस ली। इस अनोखी घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।