रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी शनिवार को अपने दायित्व ग्रहण करने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। राजधानी रायपुर में उनके आगमन पर भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वामी विवेकानंद विमानतल से लेकर भाजपा कार्यालय तक कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

आतिशबाजी और ढोल-ताशों के साथ हुआ स्वागत

Join Our Whatsapp Group
रूपकुमारी चौधरी के रायपुर पहुंचते ही स्वामी विवेकानंद विमानतल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, ढोल-ताशों और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और पदाधिकारी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।

इसके बाद रूपकुमारी चौधरी एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां प्रदेशभर से जुटीं महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। पूरे परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह नजर आया।

स्मृति मंदिर में महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि

एकात्म परिसर में स्वागत कार्यक्रम के बाद रूपकुमारी चौधरी भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं। यहां उन्होंने स्मृति मंदिर में पार्टी के पितृ पुरुषों और प्रेरणास्रोत महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

महिला सशक्तिकरण को बताया प्रमुख प्राथमिकता

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रूपकुमारी चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को संगठन में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलना भाजपा में ही संभव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। महिलाओं की भूमिका अब केवल राजनीतिक भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि वे नीति-निर्माण, योजनाओं के क्रियान्वयन और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

अंतिम छोर तक पहुंचेंगी महिला-केंद्रित योजनाएं

रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महिला-केंद्रित योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना महिला मोर्चा की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, महामंत्री शीतल नायक, कमलेश शाश्वत, संगीता शर्मा, पुनीता डहरिया, पुष्पलता चौहान, सविता चंद्राकर, शीलू साहू, अंजू त्रिपाठी, संतोषी दीवान, कुमुद बघेल, भारती बागल, गीतांजलि पटनायक, तिलेश्वरी धुरंधर, प्रतिज्ञा गुप्ता, प्रियंका गिरी, नीतू कोठारी, किरण सिंह, वंदना राठौर, प्रीति परगनिया, सत्यलता मिरी, प्रेमलता नागवंशी और माधुरी साहू सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्याएं और विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Published By- | 30-Aug-2026 05:29:00 am