सड़क हादसे में घायल हुए थे किरण सिंह देव
जानकारी के मुताबिक, किरण सिंह देव हाल ही में सड़क हादसे में घायल हो गए थे। यह हादसा उत्तर प्रदेश के झांसी से सटे ललितपुर क्षेत्र में NH-44 पर हुआ था। उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसा बुधवार दोपहर हुआ था।
घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।
कमर में आई चोट, हालत खतरे से बाहर
हादसे में किरण सिंह देव की कमर में चोट आई है, जिसके कारण उन्हें फिलहाल चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। शुरुआती जांच में किसी बड़े फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई थी। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे थे। अधिकारियों ने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
बागेश्वर धाम से लौटते वक्त हुआ हादसा
बताया गया कि किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान ललितपुर के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और विधायक धरमजीत सिंह की अस्पताल में मुलाकात के दौरान भी उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी ली गई।