राहुल गांधी ने एक्स पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि महाराष्ट्र में हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। केंद्र हो या राज्य, भाजपा सरकार की नीतियों से छात्र परेशान हैं।
उन्होंने पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियों, शिक्षा की बढ़ती लागत, हॉस्टलों की खराब व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) में कथित गड़बड़ियों जैसे मुद्दों को उठाया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अब MPSC जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़ी उनकी मांगें जायज हैं और सरकार को उनकी आवाज सुनते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
न्याय मिलने तक आवाज तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो न्याय मिलने तक उनकी आवाज और तेज होती जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेना चाहिए।
बारिश में भी नहीं रुका छात्रों का प्रदर्शन
चार सितंबर को बड़ी संख्या में युवा अपने अधिकारों और मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे। बारिश के बावजूद छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर 'आक्रोश मोर्चा' निकाला।
इसके बाद छात्रों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर कार्यालय परिसर छात्रों और युवाओं के नारों से गूंज उठा।
नासिक में आदिवासी छात्रों का आंदोलन जारी
वहीं दूसरी ओर नासिक में सरकारी सहायता प्राप्त आश्रम स्कूलों की बदहाल व्यवस्था, छात्रों की सुरक्षा और छात्रों की मौत से जुड़े मामलों को लेकर आदिवासी छात्रों का आंदोलन जारी है।
नासिक के ईदगाह मैदान में 100 से अधिक आदिवासी छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी आश्रम स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार, छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और छात्रों की मौत से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में छात्रों के लगातार बढ़ते विरोध प्रदर्शन ने राज्य सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार छात्रों की मांगों पर क्या कदम उठाती है।