ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची युवती
घटना झोटवाड़ा इलाके के निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर में भवानी ज्वैलर्स की बताई जा रही है। दुकान मालिक त्रिलोक चंद प्रजापत के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे एक युवती ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची थी।
युवती ने दुकानदार से सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा। इस पर दुकानदार ने उसके सामने 25 अंगूठियों से भरा एक बॉक्स रख दिया, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
दो अंगूठियां पसंद करने का किया नाटक
दुकानदार के मुताबिक, युवती ने दो अंगूठियां पसंद करने का नाटक किया और पिता से ऑनलाइन पेमेंट करवाने की बात कहकर कुछ देर तक दुकान में रुकी रही। इसी दौरान जैसे ही दुकानदार दूसरे ग्राहक के काम में व्यस्त हुआ, युवती मौका पाकर अंगूठियों से भरा पूरा बॉक्स लेकर दुकान से बाहर भाग गई।
अचानक हुई इस घटना से दुकान में हड़कंप मच गया। युवती तेजी से सड़क की ओर दौड़ने लगी, जबकि दुकानदार और कर्मचारी उसके पीछे दौड़ पड़े।
500 मीटर तक पीछा कर पकड़ा
दुकानदार और कर्मचारियों ने युवती का करीब 500 मीटर तक पीछा किया। आखिरकार स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। युवती के पास से अंगूठियों से भरा बॉक्स सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
इसके बाद पकड़ी गई युवती को झोटवाड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। सड़क पर युवती और उसके पीछे दौड़ रहे दुकानदारों का दृश्य भी CCTV कैमरे में कैद हो गया।
तलाशी में मिला मिर्च पाउडर और स्प्रे
पकड़े जाने के बाद युवती ने कथित तौर पर कहा कि उसे जेल जाना है। पुलिस की तलाशी में उसके पर्स से मिर्च पाउडर और केमिकल स्प्रे भी बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने युवती से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किसी गिरोह से जुड़ी है या फिर वारदात के पीछे कोई अन्य वजह है। मामले की जांच जारी है।