रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह कर दिया था।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ लगातार आगे बढ़ रहा है।

गरीबों के लिए 3.65 लाख से ज्यादा मकानों की स्वीकृति

Join Our Whatsapp Group
शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों को पक्के मकान का अधिकार देने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकानों को मंजूरी दी गई है। इन मकानों की स्वीकृति से संबंधित पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजाना करीब 1,600 मकान पूरे हो रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही मंजूरियों की भी जानकारी दी।

वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस को घेरा

कर्नाटक में वंदे मातरम् के दो पद गाए जाने के मामले को लेकर भी शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान की मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने कर्नाटक सरकार के फैसले को लेकर सवाल उठाते हुए इसे भारत माता के अपमान से जोड़ दिया।

शिवराज ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “हम तो डूबे हैं सनम, तुमको भी ले डूबेंगे।” उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस की नीतियों को लेकर भी सवाल खड़े किए।

BRICS सम्मेलन पर भी कांग्रेस को घेरा

BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया के कई प्रमुख देश एक मंच पर एकत्रित हो रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर इस सम्मेलन पर है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस को परेशानी होती है। उनके मुताबिक, देश की प्रतिष्ठा और विकास को लेकर विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

PM मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश का स्वाभिमान और सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

शिवराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना स्वामी विवेकानंद से करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के भविष्य को लेकर जो सपने देखे थे, उन्हें आगे बढ़ाने का काम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।
Published By- | 11-Sep-2026 12:32:00 pm