अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति जब वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम का चयन करेगी, तो रोहित के नाम पर भी चर्चा होने की संभावना है। चयन के साथ ही 2027 वनडे विश्व कप को लेकर रोहित की योजनाओं पर भी सवाल फिर उठ सकते हैं।
2027 वर्ल्ड कप को लेकर जारी है चर्चा
रोहित शर्मा 2027 वनडे विश्व कप के दौरान 40 साल के होंगे। इसी वजह से उनके अगले विश्व कप में खेलने को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। हालांकि हालिया प्रदर्शन में रोहित ने दिखाया है कि वह वनडे क्रिकेट में अब भी प्रभाव छोड़ सकते हैं।
इंग्लैंड दौरे से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 16, 48 और 79 रन की पारियां खेली थीं। इसके बाद लॉर्ड्स में उन्होंने 138 रन की शानदार पारी खेली थी।
रोहित को वनडे कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को कप्तान बनाए जाने के बाद से उनके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें सामने आती रही हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान यह खबर भी सामने आई थी कि लॉर्ड्स में खेला गया मुकाबला रोहित का आखिरी वनडे हो सकता है। हालांकि BCCI ने ऐसी खबरों को अफवाह बताया था। इसके बावजूद बोर्ड की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि रोहित 2027 विश्व कप में खेलेंगे या नहीं।
2026 में रोहित का प्रदर्शन
रोहित शर्मा अब भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था, जबकि 2024 में टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया था।
साल 2026 में रोहित ने अब तक 9 वनडे पारियों में 42.11 की औसत से 379 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक भी निकला, जो उन्होंने लॉर्ड्स में 138 रन की पारी के दौरान लगाया था।
27 सितंबर से शुरू होगी सीरीज
वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज से होगी।
पहला वनडे: 27 सितंबर
दूसरा वनडे: 30 सितंबर
तीसरा वनडे: 3 अक्टूबर
अब सभी की नजरें BCCI की चयन समिति की बैठक और टीम ऐलान पर हैं। इसी के बाद साफ होगा कि रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा बनते हैं या नहीं।