कई जिलों में बरामद हुए शव
नेपाल की आपदा प्रबंधन एजेंसी NDRRMA के आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग प्रभावित जिलों से अब तक 1,410 शव बरामद किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा मौतें चितवन में 364, नवलपरासी पूर्व में 232, नवलपरासी पश्चिम में 222 और नुवाकोट में 203 दर्ज की गई हैं। इसके अलावा रसुवा, गोरखा, धाडिंग और तनाहुं समेत कई जिलों में भी शव मिले हैं।
लापता 6,145 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
13 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
बाढ़ और इससे पैदा हुई स्थिति के बीच राहत एवं बचाव दलों ने अब तक 13,756 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। घायलों को काठमांडू और आसपास के अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचाया गया है।
सड़क-पुल और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को नुकसान
भोटेकोशी नदी के उफान से नेपाल के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कई सड़कें और पुल बह गए, जिसके कारण काठमांडू का कई दूरदराज के क्षेत्रों से संपर्क प्रभावित हुआ है।
इसके अलावा बाढ़ और मलबे से कई हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रभावित इलाकों में संपर्क बहाल करने की कोशिशें भी जारी हैं।