पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले के हर्री गांगपुर के बैगानटोला नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। वन विभाग ने कार्रवाई के दौरान गौरेला रेंजर ज्योत्सना पांडे समेत वनकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। साथ ही जब्त किए गए दो ट्रैक्टरों को रास्ता रोककर छुड़ाकर ले जाने की बात कही गई है।

सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

Join Our Whatsapp Group
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को बैगानटोला नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया।

विभाग के मुताबिक, जब्त किए गए ट्रैक्टरों में अवैध रूप से रखे गए 26 नग बांस करील भी मिले।

रास्ता रोककर विवाद करने का आरोप

वन विभाग के अनुसार, कार्रवाई के बाद जब्त वाहनों को आगे ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों और वाहन चालकों ने कथित तौर पर रास्ता रोक लिया और वनकर्मियों से विवाद करने लगे।

विभाग का आरोप है कि इस दौरान रेंजर ज्योत्सना पांडे और अन्य वनकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। इसके बाद जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को कथित रूप से छुड़ाकर ले जाया गया।

थाने में दी गई सूचना

घटना के बाद वन विभाग की ओर से गौरेला थाने में मामले की सूचना दी गई है। विभाग ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, वन अमले के साथ अभद्रता करने और जब्त वाहनों को छुड़ाकर ले जाने के मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की जांच के बाद घटना में शामिल लोगों और पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
Published By- | 21-Sep-2026 12:05:00 pm