खानपुर BJP कार्यालय में जांच
धमकी की सूचना मिलने के बाद अहमदाबाद के खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय में पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, परिसर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सोमनाथ मंदिर और कमलम में भी बढ़ाई सुरक्षा
ईमेल में सोमनाथ मंदिर और गांधीनगर के कोबा स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय ‘कमलम’ का भी उल्लेख किया गया था। इसके बाद इन स्थानों पर भी सुरक्षा जांच शुरू की गई और अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
CM भूपेंद्र पटेल और पुलिस को भी धमकी
रिपोर्टों के अनुसार धमकी भरे ईमेल में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, पुलिसकर्मियों और खुफिया एजेंसी RAW को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल में अलग-अलग स्थानों पर बम रखे होने का दावा किया गया था। इन दावों की विश्वसनीयता की जांच की जा रही है।
ईमेल भेजने वाले की तलाश
पुलिस और साइबर क्राइम टीम ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि धमकी वास्तविक थी या फर्जी।
फिलहाल जिन स्थानों पर तलाशी ली गई, वहां से किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।