अजमेर में अनामिका शर्मा बनीं मेयर
अजमेर नगर निगम में कांग्रेस के 37 पार्षद और भाजपा के 32 पार्षद थे, जबकि 11 निर्दलीय पार्षद भी चुने गए थे। इसके बावजूद महापौर चुनाव में भाजपा की अनामिका शर्मा ने जीत दर्ज की।
अनामिका शर्मा को 43 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की किरण गड़वाल को 37 वोट मिले।
पाली में नमिता बुबकिया की जीत
पाली नगर निगम में कांग्रेस के 29, भाजपा के 21 और निर्दलीय 15 पार्षद थे। बहुमत के लिए 33 वोट जरूरी थे।
महापौर चुनाव में भाजपा की नमिता बुबकिया को 33 वोट मिले और वह मेयर चुनी गईं। निर्दलीय प्रत्याशी राजबाला हिंगड़ को 29 और कांग्रेस की सुमित्रा जैन को 3 वोट मिले।
उदयपुर में पारस सिंघवी जीते
उदयपुर नगर निगम में भाजपा के पास पहले से स्पष्ट बहुमत था। 80 सदस्यीय निगम में भाजपा ने 53 वार्ड जीते थे।
महापौर चुनाव में भाजपा के पारस सिंघवी विजयी रहे। उन्हें 55 वोट, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 25 वोट मिले।
अलवर में सुमनलता अग्रवाल बनीं पहली मेयर
अलवर नगर निगम के महापौर चुनाव में भाजपा की सुमनलता अग्रवाल ने जीत दर्ज की। उन्हें 42 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की कमलेश शर्मा को 23 वोट मिले।
अलवर में भाजपा के 28, कांग्रेस के 23 और 13 निर्दलीय पार्षद थे। एक बसपा पार्षद भी था। चुनाव में निर्दलीय पार्षदों का समर्थन निर्णायक रहा।
बीकानेर में कांग्रेस के अनिल कल्ला की जीत
बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस ने अपना मेयर बनाने में सफलता हासिल की। कांग्रेस के अनिल कल्ला महापौर चुने गए। बीकानेर में कांग्रेस के पास 42 पार्षद थे, यानी 80 सदस्यीय निगम में उसे बहुमत हासिल था।
पांच नगर निगमों का नतीजा
अजमेर: भाजपा की अनामिका शर्मा
पाली: भाजपा की नमिता बुबकिया
उदयपुर: भाजपा के पारस सिंघवी
अलवर: भाजपा की सुमनलता अग्रवाल
बीकानेर: कांग्रेस के अनिल कल्ला
इस तरह इन पांच नगर निगमों में चार मेयर भाजपा के और एक मेयर कांग्रेस का चुना गया।