धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर करीब 2.50 लाख रुपये का सामान ले जाने के मामले में सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी हितेश सिंह को 22 सितंबर 2026 को पकड़ा। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

ACB अधिकारी बताकर घर में घुसने का आरोप

Join Our Whatsapp Group
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने थाना रुद्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का वरिष्ठ अधिकारी बताकर उसके घर में दाखिल हुए। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए।

शिकायत के आधार पर थाना रुद्री में अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में दो अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।

दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में पहले रामचंद देवांगन निवासी रुद्री और नागेंद्र पटेल निवासी पटना, जिला कोरिया को गिरफ्तार किया था। दोनों की गिरफ्तारी 29 नवंबर 2025 को हुई थी।

वहीं, मामले में फरार चल रहे हितेश सिंह निवासी सलका बड़कापारा, बैकुंठपुर, जिला कोरिया की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।

पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद गिरफ्तारी

फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान 22 सितंबर 2026 को पुलिस ने हितेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और सिविल लाइन रुद्री थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस का फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ अभियान जारी है।
Published By- | 23-Sep-2026 02:40:00 pm