25 सितंबर को स्कूलों में अवकाश
जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धमतरी जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में 25 सितंबर को अवकाश घोषित किया है।
वर्तमान में चल रही त्रैमासिक परीक्षाओं की आगामी तिथियों को लेकर अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से परीक्षा की अगली तारीख और अन्य जानकारी के लिए विद्यालय या संबंधित विभाग की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की है।
गंगरेल के 10 गेट खोले गए
लगातार बारिश के चलते धमतरी जिले के प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। 25 सितंबर सुबह 8 बजे जारी प्रशासनिक जानकारी के अनुसार गंगरेल जलाशय में 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली में 100 प्रतिशत, दूधावा में 97.21 प्रतिशत और सोंढूर जलाशय में 88.18 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया।
गंगरेल बांध के 10 गेटों से 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें 6,000 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज से नहर में और 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है।
वहीं मुरुमसिल्ली जलाशय से 7,286 क्यूसेक, दूधावा जलाशय से 16,606 क्यूसेक और सोंढूर जलाशय के 5 गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।
महानदी किनारे गांवों में अलर्ट
जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है।
लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने तथा अनावश्यक रूप से नदी या नालों को पार नहीं करने की अपील की गई है।
जलस्तर पर लगातार निगरानी
प्रशासन की ओर से जलाशयों और नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को चिन्हांकित सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बारिश के दौरान नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।