वहीं, टिकरापारा क्षेत्र में उफनती नाली में बहने से 8 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर लिया है। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।
लालपुर फल मंडी में घुसा पानी
लगातार बारिश के कारण लालपुर स्थित फल मंडी में भी पानी भर गया है। आसपास के कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खेतों में पानी भरने से फसल प्रभावित
रायपुर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर देखने को मिला है। आरंग, निसदा, पारागांव, चंपारण और राजिम सहित कई इलाकों में खेत पानी से भर गए हैं। इससे धान के साथ फल और सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
टाटीबंध-कुम्हारी मार्ग पर 2 किमी जाम
लगातार बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी किनारे बसे कई गांवों में भी जलभराव की स्थिति बनी है। कुछ गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। दूसरी ओर, टाटीबंध से कुम्हारी के बीच सड़क पर पानी भरने के कारण करीब 2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। टाटीबंध-दुर्ग मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
बारिश और नदी-नालों के बढ़े जलस्तर के चलते रायपुर और आसपास के इलाकों में प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है।