जयपुर। राजस्थान के जयपुर स्थित NIMS अस्पताल में देर रात ऑपरेशन थिएटर की फॉल सीलिंग में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के वक्त ऑपरेशन थिएटर बंद था। आग और धुआं दिखाई देने के बाद अस्पताल स्टाफ तुरंत सक्रिय हुआ और एहतियात के तौर पर आसपास के वार्डों में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक, NIMS अस्पताल जयपुर शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है। देर रात ग्राउंड फ्लोर पर बने ऑपरेशन थिएटर की फॉल सीलिंग से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते ऑपरेशन थिएटर के आसपास धुआं फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया और मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

Join Our Whatsapp Group
आग ऑपरेशन थिएटर के नजदीक लगी होने के कारण आसपास के वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को कुछ समय के लिए बाहर निकालना पड़ा। अचानक हुई घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी मरीज सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम ने कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की संभावित वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और संबंधित टीमें पूरे मामले की जानकारी जुटा रही हैं।
Published By- | 26-Sep-2026 03:10:00 pm