राजपत्र लेकर गांव पहुंचे उप मुख्यमंत्री
तेज बारिश के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात चंदनपुर पहुंचे। वे गांव के नाम परिवर्तन से संबंधित राजपत्र की प्रति लेकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उन्हें नाम बदलने की बधाई दी। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और मिठाई बांटकर उत्सव मनाया।
दस्तावेजों में भी बदलेगा गांव का नाम
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों को नाम परिवर्तन के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों में गांव का नया नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा
नाम परिवर्तन के साथ गांव के विकास के लिए भी उप मुख्यमंत्री ने 11.70 लाख रुपए की घोषणा की। इसमें सीसी रोड और सामुदायिक भवन से जुड़े कार्य शामिल हैं। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
जनभावनाओं से जुड़ा है गांव का नाम
विजय शर्मा ने कहा कि गांव का नाम केवल उसकी पहचान नहीं होता, बल्कि उसमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और लोगों की भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा और राज्यपाल की स्वीकृति के बाद राजपत्र में इसका प्रकाशन किया गया।
अब ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी दस्तावेजों और शासकीय पोर्टलों में दर्ज रहेगा। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से रोजमर्रा के व्यवहार में भी नए नाम का इस्तेमाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियां गांव को इसी पहचान से जानें।