जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के लावाकेरा में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। लावाकेरा पुलिस बैरियर के पास तीन ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई। इस दौरान सड़क पार कर रही करीब 17 से 18 बकरियां ट्रकों की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

पहले दो ट्रकों में हुई टक्कर

Join Our Whatsapp Group
जानकारी के मुताबिक, लावाकेरा पुलिस बैरियर के पास रविवार को सबसे पहले दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हुई। इसी दौरान पीछे से आ रहा तीसरा ट्रक भी अनियंत्रित होकर दोनों वाहनों से जा भिड़ा। तीन वाहनों की टक्कर के बाद मौके पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।

सड़क पार कर रही थीं बकरियां

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बड़ी संख्या में बकरियां सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान वे ट्रकों की चपेट में आ गईं। दुर्घटना में करीब 18 बकरियों की मौत की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंची

तीन ट्रकों की टक्कर के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और चक्काजाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद तपकरा तहसीलदार, एसडीएम और तपकरा थाना पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने की कार्रवाई शुरू की। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
Published By- | 27-Sep-2026 01:40:00 pm