फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान पायलट स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। इसके बावजूद कैप्टन मच्छार ने विमान को संभालते हुए यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की। घटना के बाद उनकी बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं ने तारीफ की है।
पीएम मोदी ने पहले भी की थी तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि गंभीर खतरे और खुद घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के अपने प्रयास से पीछे हटने से इनकार किया।
पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने और पूरी ताकत के साथ वापस लौटने की कामना भी की थी।
परिवार से बातचीत में दिया मदद का भरोसा
सरकार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कैप्टन मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पायलट की बहादुरी की सराहना करते हुए परिवार को भरोसा दिलाया कि भारतीय मिशन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
नेतन्याहू और ट्रंप ने भी की तारीफ
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा भारत के बाहर भी हुई है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनकी हिम्मत की सराहना की। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारतीय पायलट की बहादुरी की तारीफ की है।
फ्लाईदुबई की इस घटना में कैप्टन मच्छार के घायल होने के बावजूद विमान में सवार यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात सामने आई है। घटना से जुड़े पूरे मामले की जांच जारी है।