उप मुख्यमंत्री सोमवार को जगदलपुर के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया और पात्र हितग्राहियों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ दिया।
हिंसा प्रभावित लोगों को मुफ्त कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण
विजय शर्मा ने कहा कि माओवादी हिंसा और IED घटनाओं से प्रभावित नागरिकों और सुरक्षा जवानों के पुनर्वास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय विशेष शिविर के माध्यम से पीड़ितों और दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता वाले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने एक हितग्राही का उदाहरण देते हुए बताया कि कृत्रिम हाथ लगने के बाद जब उसने उसी हाथ से पानी की बोतल उठाकर पानी पिया, तो यह उसके लिए वर्षों बाद सामान्य जीवन की ओर लौटने जैसा अनुभव था।
एक ही जगह कई योजनाओं का लाभ
जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में अलग-अलग विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
राजस्व विभाग ने आपदा प्रबंधन के तहत 5 बाढ़ प्रभावित लोगों को कुल 6.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं 35 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए।
श्रम विभाग की ओर से मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत एक हितग्राही को 20 हजार रुपये और मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक पात्र हितग्राही को 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
किसानों और मत्स्य पालकों को भी मिली सहायता
कृषि विभाग ने पांच किसानों को फसल बीमा प्रमाण पत्र दिए। मत्स्य पालन विभाग ने तीन मत्स्य पालकों को जाल वितरित किए।
स्वास्थ्य विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड और पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए। इसके अलावा 12 नागरिकों के आधार विवरण का अपडेट किया गया और जन्म-मृत्यु पंजीयन से जुड़े आवेदन भी लिए गए।
सांसद बोले- बस्तर में दिख रहा विकास का असर
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों का सकारात्मक असर बस्तर में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, मुफ्त राशन, पक्के आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिली राहत
सेवा संकल्प शिविर के जरिए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली। मौके पर ही समस्याओं का समाधान करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देने की व्यवस्था की गई।
शिविर में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक मौजूद रहे।