रायपुर। छत्तीसगढ़ ने वैश्विक निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सिंगापुर में आयोजित पहले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में राज्य को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इसमें सबसे बड़ा प्रस्ताव सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आया है, जो छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए ₹41,750 करोड़ निवेश करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर राज्य ने इस फोरम में भागीदारी की।

Join Our Whatsapp Group
100 मेगावाट का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस

सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करने का काम करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।

मुख्यमंत्री साय ने कंपनी को फोरम के दौरान ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा। कंपनी के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और नीतिगत समर्थन उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत में बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने और स्थानीय इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

सोलर सेक्टर में भी ₹1,500 करोड़ का प्रस्ताव

फोरम में छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भी ₹1,500 करोड़ के FDI निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह निवेश सोलर ऊर्जा के साथ बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के क्षेत्र में किया जाना प्रस्तावित है।

इन निवेश प्रस्तावों के साथ छत्तीसगढ़ में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। राज्य में पहले से ही भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित होने का दावा किया गया है।

18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों से सीधे उनकी समस्याओं को समझकर नीतियों और व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही है।

साय के अनुसार, राज्य में अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और पिछले 18 महीनों में छत्तीसगढ़ को ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

SING फोरम में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय और व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले समेत कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

खाद्य प्रसंस्करण और वेस्टवॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा

फोरम से इतर मुख्यमंत्री साय ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इनमें उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण के अवसरों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सिंगापुर में होने वाली CEO राउंडटेबल में प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसका उद्देश्य राज्य में निवेश की इस गति को आगे बढ़ाना है।
Published By- | 06-Oct-2026 01:55:00 pm