अंडर-14 और अंडर-17 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग संभागों से बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबले रग्बी और कुराश खेलों में आयोजित किए गए।
रायपुर जोन प्रथम, बस्तर दूसरे स्थान पर
प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में रायपुर जोन ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बस्तर जोन दूसरे और दुर्ग जोन तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों के सम्मान के दौरान समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
शिक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए पढ़ाई के साथ शारीरिक मेहनत और खेल भी जरूरी हैं। शिक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने और प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
बलौदाबाजार में शुरू होगा एजुकेशन चॉइस सेंटर
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने बलौदाबाजार जिले के विद्यार्थियों के लिए आने वाले वर्ष में एजुकेशन चॉइस सेंटर शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सुविधा मिलेगी।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने बलौदाबाजार में स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया। प्रतियोगिता के समापन के साथ खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह और आगे बेहतर प्रदर्शन करने का जज्बा भी देखने को मिला।