रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती देने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवाब दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को SIR और नक्सलवाद के मुद्दे पर खुली बहस करने की चुनौती दी है। शर्मा ने कहा कि बहस के लिए जगह और समय राहुल गांधी अपनी सुविधानुसार तय कर लें। जरूरत पड़ी तो वे दिल्ली आने के लिए भी तैयार हैं।

SIR के मुद्दे पर चर्चा के लिए दिल्ली आने को तैयार

Join Our Whatsapp Group
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी यदि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चर्चा करना चाहते हैं, तो वे इस विषय पर आमने-सामने बातचीत कर सकते हैं। शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार SIR की प्रक्रिया अपनाई गई थी।

राहुल गांधी के बहस संबंधी बयान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने गुलाब लेकर सड़क पर बहस की बात करने को लेकर भी राहुल गांधी पर तंज कसा।

नक्सलवाद और झीरम घाटी हमले पर भी घेरा

विजय शर्मा ने राहुल गांधी के सामने नक्सलवाद का मुद्दा भी रखा। उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी खुला संवाद होना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं के नक्सलवाद को लेकर दिए जाने वाले बयानों पर सवाल उठाते हुए झीरम घाटी हमले का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि झीरम घाटी की घटना में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की जान गई थी। ऐसे संवेदनशील विषय पर राहुल गांधी को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। शर्मा ने दोहराया कि वे नक्सलवाद के मुद्दे पर किसी भी स्थान और मंच पर बहस करने के लिए तैयार हैं।

भाजपा-कांग्रेस के बीच बढ़ सकती है राजनीतिक तकरार

विजय शर्मा की इस चुनौती के बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। SIR और नक्सलवाद जैसे मुद्दों को लेकर दोनों दलों के बीच पहले से ही मतभेद सामने आते रहे हैं।

अब सबकी नजर राहुल गांधी और कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर है। देखना होगा कि राहुल गांधी इस चुनौती को स्वीकार करते हैं या प्रदेश की राजनीति में यह मुद्दा आरोप-प्रत्यारोप तक ही सीमित रहता है।
Published By- | 04-Nov-2026 12:49:00 pm