ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रेम विवाह के महज चार महीने बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में अटल द्वार के पास बुधवार सुबह धर्मवीर सिंह का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और एक अन्य युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह

Join Our Whatsapp Group
जानकारी के मुताबिक, धर्मवीर सिंह तिघरा के सीता का पुरा गांव का रहने वाला था। उसके बड़े भाई परमाल सिंह ने बताया कि धर्मवीर ने करीब चार महीने पहले लक्ष्मी रावत से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों पुरानी छावनी इलाके में स्टोन पार्क के पास किराये के मकान में रह रहे थे। धर्मवीर रात में पत्नी के साथ किराये के मकान में रुकता था और दिन में अपने घर आता-जाता था।

परिजनों के मुताबिक, परिवार को इस शादी से कोई आपत्ति नहीं थी। घटना से एक दिन पहले ही परमाल सिंह की धर्मवीर से मुलाकात हुई थी। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी।

पत्नी पर रुपये मांगने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

मृतक के भाई परमाल सिंह का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही लक्ष्मी धर्मवीर से रुपयों की मांग कर रही थी। इस वजह से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। धर्मवीर ने अपने भाई से भी कुछ रुपये उधार मांगे थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण भाई उसकी मदद नहीं कर सका।

परिजनों ने लक्ष्मी के किसी अन्य युवक से संबंध होने का भी संदेह जताया है। उनका दावा है कि घटना के बाद जब परमाल ने लक्ष्मी के मोबाइल पर फोन किया तो कॉल किसी दौलत नाम के युवक ने उठाया। आरोप है कि दोनों ने धर्मवीर को पहचानने से भी इनकार कर दिया।

पुलिस खंगाल रही मोबाइल की कॉल डिटेल

परिजनों ने पत्नी और उसके साथी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव के मुताबिक, युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published By- | 19-Nov-2026 09:06:00 am