लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े दोनों पक्ष
वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे की ओर दौड़ते और हमला करते दिखाई दे रहे हैं। विवाद के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोग दोनों पक्षों को समझाने और बीच-बचाव कर झगड़ा रोकने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही आपसी रंजिश चल रही थी। जमीन विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने कुछ ही देर में मारपीट का रूप ले लिया।
पांच लोग घायल, तीन को जबलपुर भेजा
घटना में दोनों पक्षों के करीब पांच लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भी इसकी चर्चा हो रही है।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत, आठ लोगों पर केस
गोटेगांव पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। पहली शिकायत खमरिया निवासी नरेंद्र पटेल ने की है। उनकी रिपोर्ट में साहब पटेल, अभिनय पटेल, अनुराग पटेल और राहुल पटेल को आरोपी बनाया गया है।
वहीं, दूसरी शिकायत अनुराग पटेल की ओर से दर्ज कराई गई है। इसमें साहिल पटेल, सुरेंद्र पटेल, चिरोंजीलाल पटेल और भरत पटेल के खिलाफ मारपीट के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कुल आठ लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।