भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान के पास छात्रों को लेकर जा रही कॉलेज बस और सब इंस्पेक्टर की कार के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में जहांगीराबाद थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर अफसार खान गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल पुलिसकर्मी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मोड़ पर बस से भिड़ी कार

Join Our Whatsapp Group
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अफसार खान आकृति ईको सिटी के निवासी हैं। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी कार से नेहरू नगर की ओर से चूनाभट्टी जा रहे थे। इसी दौरान पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय के पास मैदान से लगे मोड़ पर उनकी कार सामने से आ रही कॉलेज बस से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि बस संस्थान के विद्यार्थियों को हॉस्टल छोड़ने के लिए नेहरू नगर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कार चला रहे अफसार खान को गंभीर चोटें आईं।

कार के उड़े परखच्चे, अस्पताल में चल रहा इलाज

टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल सब इंस्पेक्टर को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद बस के ब्रेक फेल होने की चर्चा

घटना के बाद कॉलेज बस को मौके पर ही खड़ा कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद बस के ब्रेक फेल हो गए थे। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
Published By- | 19-Nov-2026 10:55:00 am