दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों में मिली अवैध धान की खेप
खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों की टीम ने मोहला में अलग-अलग व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रवण साहू के प्रतिष्ठान एस.के. ट्रेडर्स में 15 क्विंटल धान बिना वैध दस्तावेजों के भंडारित पाया गया।
वहीं, दूसरे व्यापारी सलीम खान के प्रतिष्ठान एच.वी. एंड संस में जांच के दौरान 25 क्विंटल धान मिला। टीम ने दोनों जगहों से कुल 40 क्विंटल धान जब्त कर लिया।
मंडी अधिनियम के तहत व्यापारियों पर कार्रवाई
जांच में अनियमितता सामने आने के बाद संबंधित व्यापारियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण तैयार किया गया है। प्रशासन ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
कोचियों और बिचौलियों पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध भंडारण, धान के अनधिकृत परिवहन और कोचियों के माध्यम से होने वाली खरीद-बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।