19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारियों को जनता और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम करना चाहिए। सरकार संवाद के लिए तैयार है और कर्मचारियों की उचित मांगों पर जरूर विचार करेगी।
किसानों की परेशानी समझें पटवारी, CM ने की अपील
मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे भी किसान परिवारों से आते हैं। किसी के बेटे, भाई और परिवार के सदस्य हैं। इसलिए उन्हें किसानों की समस्याओं और जरूरतों को समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी का काम प्रदेश में सुचारू रूप से चल रहा है। ऐसी स्थिति में पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए काम पर वापस आना चाहिए, ताकि आम लोगों को सरकारी कामकाज में परेशानी न हो।
मांगों पर चर्चा के लिए सरकार तैयार
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार कर्मचारियों से बातचीत करने के पक्ष में है। पटवारियों की जो मांगें उचित होंगी, उन पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि पहले पटवारी काम पर लौटें और इसके बाद सरकार के साथ बैठकर अपनी समस्याओं का समाधान निकालें।
हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर भी विचार का भरोसा
मुख्यमंत्री ने पटवारियों को एक और राहत का संकेत देते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ की गई कार्रवाई के मामलों पर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। इससे पटवारी संगठनों और सरकार के बीच बातचीत का रास्ता खुलने की संभावना जताई जा रही है।
अब पटवारी संगठन के फैसले पर टिकी नजरें
मुख्यमंत्री के बयान से साफ है कि सरकार बातचीत के दरवाजे बंद नहीं करना चाहती, लेकिन काम पर वापसी को जरूरी मान रही है। दूसरी ओर पटवारियों की मांगों और आंदोलन को लेकर संगठन का अगला कदम महत्वपूर्ण होगा।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री की अपील के बाद पटवारी संगठन हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटता है या आंदोलन जारी रखने का फैसला करता है।