आत्मसमर्पित माओवादियों की सूचना पर चलाया गया अभियान
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम ने थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम हांडापाल, देवगढ़, बेड़मा और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया था।
इस दौरान बेड़मा के जंगल में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए सामान की जानकारी मिली। इसके बाद सुरक्षा बलों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत इलाके में तलाशी और जांच की। अभियान में दो अलग-अलग स्थानों से डंप सामग्री बरामद की गई।
हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन और वायर सहित कई सामान मिले
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, बरामद सामग्री में विस्फोटक पदार्थों के साथ संचार उपकरण और अन्य उपयोगी सामान शामिल हैं।
जब्त सामग्री की सूची इस प्रकार है:
1 हैंड ग्रेनेड
2 जिलेटिन रॉड
लगभग 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर
इलेक्ट्रिक वायर के 4 बंडल (करीब 200 मीटर)
3 किलो सल्फर
4 किलो सोडियम नाइट्रेट
1 वॉकी-टॉकी चार्जर
14 टिफिन
1 मल्टीमीटर
लगभग 50 मीटर रस्सी
7 सिरिंज
1 बड़ी टिन की पेटी
4 बैडमिंटन रैकेट
3 रबर रिंग और 11 बैटरी सेट
नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण और नक्सल उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सर्चिंग कर रही है।
बेड़मा क्षेत्र से माओवादी डंप की बरामदगी को अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की निगरानी और तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।