रायपुर। 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की भयावह रात आज भी देशवासियों को याद है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल एके-47 से अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे थे। चारों तरफ अफरा-तफरी और दहशत का माहौल था। ऐसे मुश्किल वक्त में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के तत्कालीन इंस्पेक्टर संदीप तानाजी खिरटकर ने महज 303 राइफल के साथ आतंकियों का मुकाबला किया। आज वही जांबाज अधिकारी रायपुर रेल मंडल में सहायक सुरक्षा आयुक्त (एएससी) के पद पर तैनात होकर रेल यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।


फोन आते ही सात मिनट में पहुंचे थे स्टेशन
Join Our Whatsapp Group
मुंबई हमले के दौरान संदीप खिरटकर सीएसएमटी में आरपीएफ इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थे। घटना की रात वे अपने आवास पर थे, तभी कॉन्स्टेबल जाधव का फोन आया। स्टेशन पर आतंकी हमले की सूचना मिलते ही वे मोटरसाइकिल से रवाना हुए और महज पांच से सात मिनट में स्टेशन पहुंच गए।


इसके बाद जीएम कार्यालय स्थित आरपीएफ शस्त्रागार से 303 राइफल और 20 राउंड कारतूस लेकर वे एसआई भोसले और इंस्पेक्टर क्षीरसागर के साथ मोर्चे पर पहुंचे। डीएन रोड की ओर जीएम पोर्च के पास उन्होंने कसाब और अबू इस्माइल को सबवे की तरफ से आते देखा। आतंकियों की ओर से एके-47 से फायरिंग शुरू होते ही खिरटकर और उनके साथियों ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आतंकियों को अपना रास्ता बदलना पड़ा और वे वापस स्टेशन के भीतर दाखिल हो गए।


सीसीटीवी फुटेज बचाकर सुरक्षित किए अहम सबूत
मुठभेड़ के बाद खिरटकर ने केवल मोर्चा संभालने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि जांच के लिए महत्वपूर्ण सबूत सुरक्षित करने में भी अहम भूमिका निभाई। वे आरपीएफ कार्यालय के सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे। जांच में पता चला कि रखरखाव के चलते मेन लाइन के कुछ कैमरे बंद थे, लेकिन लोकल लाइन के प्लेटफार्म नंबर-1 और मुख्य हॉल के कैमरों में आतंकियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई थीं।

रात करीब 11:30 बजे उन्होंने डीवीआर में फुटेज सुरक्षित होने की पुष्टि की और संबंधित रिकॉर्डिंग की सीडी तैयार करवाकर सील करवा दी। उस समय डीवीआर में रिकॉर्डिंग केवल सात दिनों तक सुरक्षित रहती थी। यदि समय रहते फुटेज सुरक्षित नहीं किए जाते तो हमले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिट सकते थे। उनकी सतर्कता से जांच एजेंसियों को अहम सबूत मिले।

कसाब के खिलाफ मुकदमे में दी गवाही
28 दिसंबर 2008 को आर्थर रोड जेल में आयोजित शिनाख्त परेड में भी संदीप खिरटकर ने हिस्सा लिया। बाद में कसाब के खिलाफ चले मुकदमे में उनकी गवाही और सुरक्षित किए गए सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुए।

गणतंत्र दिवस 2010 पर मिला पुलिस वीरता पदक
मुंबई आतंकी हमले के दौरान अदम्य साहस, बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस 2010 के अवसर पर संदीप तानाजी खिरटकर को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया।

मुंबई में अपनी बहादुरी का परिचय देने के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश के आमला और पुणे रेलवे जंक्शन में भी सेवाएं दीं। पदोन्नति के बाद वे सहायक सुरक्षा आयुक्त बने। वर्तमान में रायपुर रेल मंडल में वे स्टेशनों, रेलवे परिसरों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

मुंबई की उस खौफनाक रात में आतंकियों के सामने डटकर खड़े होने वाले संदीप खिरटकर का सफर आज भी साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।
Published By- | 27-Nov-2026 11:02:00 am