बिलासपुर। कस्टम मिलिंग के लिए सरकारी खरीदी केंद्रों और गोदामों से धान उठाने के बाद स्टॉक में गड़बड़ी करने वाले राइस मिलरों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग की टीम ने कोटा और बहतराई स्थित दो राइस मिलों में छापेमारी कर जांच की, जिसमें कुल 39 हजार 716.4 क्विंटल धान कम पाया गया। इसके बाद दोनों मिलों को सील कर दिया गया। वहीं, चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले 20 अन्य राइस मिलरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।


दो मिलों में जांच, हजारों क्विंटल धान गायब
Join Our Whatsapp Group
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। जांच के दौरान कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल और बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल के स्टॉक में भारी अंतर मिला।
कोटा की राजमुनि एग्रो राइस मिल में जांच के दौरान 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम पाया गया। वहीं, बहतराई की पार्वती राइस मिल में 2 हजार 800 क्विंटल धान की कमी सामने आई। दोनों मिलों में कुल 39 हजार 716.4 क्विंटल धान कम मिलने पर प्रशासन ने मिलों को सील कर दिया।

पार्वती राइस मिल से 29,150 क्विंटल धान और 1,600 क्विंटल चावल जब्त
बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में कार्रवाई के दौरान टीम ने परिसर में उपलब्ध 29 हजार 150 क्विंटल धान और 1 हजार 600 क्विंटल चावल जब्त कर लिया। स्टॉक में गड़बड़ी मिलने के बाद दोनों मिल संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चावल जमा नहीं करने पर 20 मिलरों को नोटिस
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में कस्टम मिलिंग के लिए धान उठाने के बावजूद कई मिलर नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में चावल जमा नहीं कर रहे थे। इसी को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। 20 अन्य मिलरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
इन 20 राइस मिलरों को जारी हुआ नोटिस
सरदार एग्रो इंडस्ट्रीज, तखतपुर
मेसर्स राजमुनि फूड्स
मेसर्स शंकर राइस प्रोडक्ट्स
मेसर्स राजमुनि एग्रो
ओंकार फूड्स
श्री कैलाश राइस दाल मिल
श्री श्री इंडस्ट्रीज
गोयल राइस मिल, बिल्हा
नवरंग राइस मिल
बालकृष्ण फूड्स
श्री रानीसती एग्रोटेक
साईं एग्रो इंडस्ट्रीज
लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स
शिव शंकर एग्रो इंडस्ट्रीज
शंकर पोहा उद्योग
सरस्वती एग्रो इंडस्ट्रीज
श्री श्याम एग्रो
सिंह एग्रो प्रोडक्ट
ओम राइस मिल
रघुबीर राइस मिल
प्रशासन की कार्रवाई से मिलरों में हड़कंप
सरकारी धान के स्टॉक में इतनी बड़ी कमी मिलने के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई से जिले के राइस मिलरों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कस्टम मिलिंग के तहत धान उठाने के बाद चावल जमा करने में लापरवाही और स्टॉक में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब दोनों मिल संचालकों के खिलाफ दर्ज मामलों की आगे की जांच और नोटिस पाने वाले 20 मिलरों के जवाब पर प्रशासन की नजर रहेगी।
Published By- | 27-Nov-2026 11:07:00 am