कैश काउंटर पर जांच के दौरान पकड़े गए नोट
Join Our Whatsapp Group
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की दलदल सिवनी शाखा के खाता प्रबंधक संजय मिश्रा ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को बैंक की ग्राहक जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपये जमा कराने पहुंची थीं।
महिला ने कैश काउंटर पर 50 और 100 रुपये के नोट जमा करने के लिए दिए। कर्मचारियों ने जब रकम की गिनती की तो 50 रुपये के 25 नोट संदिग्ध नजर आए। इन नोटों की कुल कीमत 1,250 रुपये थी।
यूवी लैंप से जांच में नहीं मिले सुरक्षा फीचर
संदेह होने पर बैंक कर्मचारियों ने नोटों की जांच अल्ट्रावायलेट लैंप से की। जांच के दौरान नोटों में निर्धारित सुरक्षा फीचर नहीं मिले। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने उन्हें नकली नोट के रूप में चिह्नित किया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
आरबीआई के नियम के तहत दर्ज कराई एफआईआर
बैंक प्रबंधन के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, एक ही लेनदेन में चार या उससे अधिक नकली नोट मिलने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराना अनिवार्य है। महिला के पास से 50 रुपये के 25 संदिग्ध नोट मिलने के बाद बैंक ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नकली नोट कहां से आए, पुलिस कर रही जांच
पंडरी थाना पुलिस ने महिला जानकी वराठे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास नकली नोट कहां से आए और ये नोट उसे किसने दिए थे। मामले में आगे की जांच जारी है।