गाली देने से मना किया तो भड़क गया आरोपी
Join Our Whatsapp Group
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित रणधीर कुमार सिंह मूल रूप से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी क्षेत्र का निवासी है। वह वर्तमान में रायपुर कलेक्ट्रेट स्थित टाउनहाल के पास नगर निगम के सुलभ शौचालय में केयरटेकर के रूप में काम करता है।
शिकायत के अनुसार, 26 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे रणधीर ड्यूटी पर था। इसी दौरान गोलू खान शौचालय परिसर में किसी व्यक्ति के साथ गाली-गलौज कर रहा था। रणधीर ने उसे सार्वजनिक परिसर में गाली देने से मना किया तो आरोपी नाराज हो गया और उसके साथ भी अभद्रता करने लगा।
विरोध करने पर गोलू खान ने रणधीर के साथ मारपीट शुरू कर दी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
6,785 रुपये और मोबाइल लेकर फरार हुए पति-पत्नी
आरोप है कि मारपीट के दौरान गोलू खान ने केयरटेकर की जेब में रखे सुलभ शौचालय के 6,785 रुपये निकाल लिए। वहीं, उसकी पत्नी अंजू साहू रणधीर का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गई।
बीचबचाव करने पहुंचे व्यक्ति का स्कूटर जलाया
वारदात के दौरान शोर सुनकर एक व्यक्ति बीचबचाव करने पहुंचा। इसी दौरान उसके इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगा दी गई। आग इतनी फैल गई कि इसकी चपेट में सुलभ शौचालय में रखा सामान भी आ गया और वह जलकर खाक हो गया।
पति-पत्नी के खिलाफ FIR, पुलिस कर रही तलाश
घटना के बाद पीड़ित रणधीर कुमार सिंह ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गोलू खान और उसकी पत्नी अंजू साहू के खिलाफ मारपीट, लूट और आगजनी से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।