जानकारी के अनुसार, महामाया पहाड़ पर गश्त के दौरान एक वनकर्मी की नजर पेड़ से लटके मानव अवशेषों पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव का एक हिस्सा पेड़ से लटका हुआ था, जबकि धड़ नीचे जमीन पर पड़ा था।
घटनास्थल से पुलिस को कुछ कपड़े, एक ब्रेसलेट और दवाइयां भी मिली हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस का कहना है कि शव काफी पुराना होने के कारण पहचान करना चुनौतीपूर्ण है। फिलहाल आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है और मृतका की पहचान के प्रयास जारी हैं।