नई दिल्ली। भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच गुजरात की देसी ईवी कंपनी Avore ने अपनी नई Avore EX इलेक्ट्रिक बाइक सीरीज लॉन्च कर बाजार में हलचल मचा दी है। कंपनी का दावा है कि इसका टॉप वेरिएंट एक बार फुल चार्ज में 260 किलोमीटर तक की रेंज देगा। वहीं शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹1.25 लाख रखी गई है, जो केवल पहले 10,000 ग्राहकों के लिए लागू होगी।
तीन वेरिएंट्स में लॉन्च
Join Our Whatsapp Group
कंपनी ने इस सीरीज को EX1, EX2 और EX2S वेरिएंट में पेश किया है।
EX1 – ₹1.25 लाख (इंट्रोडक्टरी), बाद में ₹1.35 लाख
EX2 – ₹1.49 लाख
EX2S – ₹1.69 लाख
ग्राहक केवल ₹799 के टोकन अमाउंट के साथ ऑनलाइन प्री-बुकिंग कर सकते हैं।
260 KM तक की दमदार रेंज
बेस वेरिएंट EX1 में 3.24 kWh बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज होने पर 160 किलोमीटर तक की रेंज देती है। वहीं EX2 और EX2S में 5 kWh बैटरी पैक मिलता है। कंपनी के मुताबिक, टॉप वेरिएंट 260 किलोमीटर की प्रमाणित राइडिंग रेंज देने में सक्षम है।
बाइक में इन-बिल्ट चार्जर दिया गया है, जिससे बैटरी 20% से 80% तक सिर्फ 2 घंटे में चार्ज हो जाती है।
दमदार परफॉर्मेंस
बेस और मिड वेरिएंट में 10.5 kW मोटर दी गई है, जो करीब 10 bhp की पावर देती है। यह बाइक 0-40 किमी/घंटा की रफ्तार मात्र 3.2 सेकंड में पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 100 किमी/घंटा है।
वहीं टॉप वेरिएंट EX2S में 14 bhp मोटर मिलती है, जो 2.8 सेकंड में 0-40 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम गति 114 किमी/घंटा है। इसमें 6 राइडिंग मोड्स भी दिए गए हैं।
फीचर्स की लंबी लिस्ट
Avore EX में 7-इंच TFT डिजिटल डिस्प्ले, AI इंटीग्रेशन, 4G सिम सपोर्ट, ब्लूटूथ, वाई-फाई, GPS नेविगेशन, जियो-फेंसिंग, क्रैश अलर्ट, क्रूज़ कंट्रोल, हिल-होल्ड असिस्ट, CBS, दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक और LED हेडलाइट्स जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं। कंपनी बैटरी पर 5 साल की वारंटी भी दे रही है।
इन बाइक्स को मिलेगी चुनौती
नई Avore EX सीरीज का मुकाबला भारतीय बाजार में Revolt RV400, Oben Rorr, Ola Roadster और Ather जैसी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक बाइक्स से माना जा रहा है। लंबी रेंज, फास्ट चार्जिंग और प्रतिस्पर्धी कीमत के दम पर यह बाइक ग्राहकों के लिए एक आकर्षक विकल्प बन सकती है।