बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना देवरी थाना क्षेत्र के खैरा गांव की है। 28 जुलाई को आरोपी हिरामन सिंह सिन्हा (51) और उसका पुत्र कामेंद्र सिन्हा (26) ने पुरानी रंजिश के चलते गांव निवासी हितेश सिन्हा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में हितेश को शरीर में 20 से अधिक गंभीर फ्रैक्चर आए।

Join Our Whatsapp Group
घायल हितेश को पहले देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद देवरी थाना पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर बुधवार को आरोपी पिता-पुत्र हिरामन सिंह सिन्हा और कामेंद्र सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया। गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Published By- | 30-Jul-2026 05:47:00 pm