ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारीडीह-कोपरा मार्ग पर हुए हादसे में मुंगेली जिले के लुगराकापा निवासी पुरावती यादव की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला बाइक पर सवार थीं, तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक तथा उसके चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खड़ी ट्रेलर से टकराईं दो ट्रेलर, चालक कैबिन में फंसा
वहीं, रतनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के सड़क पर खराब होकर खड़ी एक ट्रेलर से पीछे आ रही दो ट्रेलर गाड़ियां टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कैबिन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पांडे पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में घायल चालक सहित अन्य घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर खराब होकर खड़ी ट्रेलर को पीछे से आ रहे वाहन समय रहते नहीं देख सके, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों व जिम्मेदार पक्ष की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।