रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि राज्य के छह नए जिलों में जिला खेल अधिकारी (District Sports Officer) के पदों पर नियुक्ति की स्वीकृति दे दी गई है। इस फैसले से स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

जिन जिलों में जिला खेल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, उनमें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG), सक्ती, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) शामिल हैं।

Join Our Whatsapp Group
नवा रायपुर और जशपुर में बन रही तीरंदाजी अकादमी

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर और जशपुर में लगभग 67 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी का निर्माण कार्य जारी है। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।

खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का बजट

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन की शुरुआत की है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस मिशन का उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

अरुण साव ने यह भी जानकारी दी कि 14 प्रशिक्षकों को आधुनिक खेल तकनीकों और खेल विज्ञान का प्रशिक्षण लेने के लिए पटियाला भेजा गया है, ताकि वे लौटकर प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दे सकें।

छत्तीसगढ़ में जल्द होगी हॉकी लीग

डिप्टी सीएम ने घोषणा की कि प्रदेश में जल्द ही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। इससे राज्य के हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।

राज्य सरकार का मानना है कि इन पहलों से खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।
Published By- | 04-Aug-2026 06:20:00 pm