रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक तालाब में अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। मृतका की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

Join Our Whatsapp Group
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मोबाइल फोन बना जांच का अहम सुराग

घटनास्थल से पुलिस को युवती का मोबाइल फोन भी मिला है। जांच टीम मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड, मैसेज, लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर मृतका की पहचान और उसके अंतिम संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल जांच में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।

हर एंगल से हो रही जांच

फिलहाल युवती की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या—तीनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवती की अंतिम गतिविधियों और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मृतका की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास जारी है।
Published By- | 04-Aug-2026 06:55:00 pm