जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे परसाबुडा गांव के कुंआनार जंगल में दो ग्रामीण अलग-अलग समय पर मशरूम की तलाश में गए थे। इसी दौरान जंगल में मौजूद भालू ने अचानक दोनों पर बारी-बारी से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घायलों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा अकेले जंगल में नहीं जाने की अपील की है।
कांकेर में भी भालू का कहर
इसी दिन कांकेर जिले के मरकाटोला-लारगांव क्षेत्र में भी भालू के हमले की बड़ी घटना सामने आई, जहां दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में निगरानी कर रही है। मादा भालू की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए गांव के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की गई है।