सांसद ने अपने पत्र में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और ग्रामीण पुलिस के पुनर्गठन की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि शहरी क्षेत्र के साथ स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को भी कमिश्नरेट क्षेत्र में शामिल किया जाए, जिससे पुलिसिंग अधिक प्रभावी हो और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बन सके।
660 रिक्त पदों पर भर्ती और 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग
बृजमोहन अग्रवाल ने पुलिस विभाग में 660 से अधिक रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने के लिए 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की अस्थायी तैनाती का भी आग्रह किया है, ताकि बढ़ते अपराध और कार्यभार से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
यातायात व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर
सांसद ने राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस बल बढ़ाने की जरूरत बताई। इसके अलावा पुलिस के बेहतर संचालन के लिए नए कार्यालय भवनों का निर्माण और आवश्यक शासकीय वाहन उपलब्ध कराने का भी सुझाव दिया।
सरकार से जल्द कार्रवाई की उम्मीद
अपने पत्र में सांसद ने कहा कि रायपुर की बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए पुलिस संसाधनों और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार कर राजधानी की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।