रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाकर फरार हुए आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को खेत में घेराबंदी कर पकड़ा और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की है।

घटना 17 अगस्त की रात की है। गेरवानी स्थित शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 10:30 बजे विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ वहां पहुंचा। देर रात आने को लेकर गार्ड से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद विवेक ने गार्ड को धमकी दी और पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली गार्ड के पेट में लगी।

Join Our Whatsapp Group
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल गार्ड की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान विवेक कुमार यादव, निवासी जमुई, बिहार के रूप में हुई।

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में बिहार के जमुई पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से गांव में दबिश दी गई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर से निकलकर खेत की ओर भाग गया और वहां छिप गया। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने खेत की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने गांव में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है।

फायरिंग के बाद आरोपी बिहार भाग गया था। पुलिस के अनुसार मामले में उसका साथी रोशन ठाकुर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को दूसरे राज्य में जाकर गिरफ्तार करने और हथियार बरामद करने वाली टीम की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि अपराधी कहीं भी जाकर छिपे, तकनीकी साक्ष्यों और दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय के जरिए उसकी तलाश जारी रहेगी।
Published By- | 22-Aug-2026 08:00:00 pm